डीआईओएस कार्यालय में धरने को संबोधित करते वक्ता।
– सीएम को ज्ञापन भेजकर मांगे पूरी किए जाने की उठाई आवाज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। माध्यमिक शिक्षक संघ ने मांगों को लेकर डीआईओएस कार्यालय में धरना दिया तत्पश्चात मुख्यमंत्री को छह सूत्रीय ज्ञापन भेजकर मांगों को पूरा किए जाने की आवाज उठाई। साथ ही डीआईओएस को भी ज्ञापन देकर अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की वरिष्ठता सूची निर्गत किए जाने की मांग की।
शनिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक शुक्ला व जिला मंत्री अमित कुमार सिंह की अगुवई में विभागीय कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक व कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर काफी समय से आवाज उठा रहे हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। यदि ऐसा ही रहा तो सभी शिक्षक व कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश हो जाएंगे। संघ ने सीएम को भेजे गए ज्ञापन में मांग किया कि चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 एवं 21 को पुनः बहाल किया जाए, पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू किया जाए, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन प्रदान किया जाए, जनगणना में माध्यमिक शिक्षकों की ड्यूटी वेतनमान एवं लेबल को ध्यान में रखते हुए लगाई जाए व ग्रीष्मकालीन अवकाश शिक्षकों को उपार्जित अवकाश प्रदान किया जाए, 22 मार्च की राजाज्ञा से आच्छादित एवं विनियमित शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए व तदर्थ प्रधानाचार्यों का शीघ्र विनियमितीकरण किया जाए। इसके अलावा शिक्षकों ने डीआईओएस को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट 1921 के अध्याय-2, विनिमय-3 के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक वर्ष, प्रत्येक संवर्ग की वरिष्ठता सूच निर्गत किए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद जनपद के अधिकांश विद्यालयों द्वारा विद्यालय स्तर पर वरिष्ठता सूची निर्गत नहीं की जा रही है। जिसके चलते विद्यालयों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है और शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। मांग किया कि सभी विद्यालयों को समयबद्ध रूप से वरिष्ठता सूची निर्गत करने हेतु बाध्य करने व उनकी जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल सिंह चैहान, अतुल सिंह यादव, बलराम, देवी प्रसाद, अमित कुमार सिंह, अनिल राज सिंह, मनोज सिंह गौतम, वीरेन्द्र नारायण सिंह, संतोष अग्निहोत्री, नरेन्द्र सिंह, शिवस्वरूप सिंह, अतुल सिंह यादव, जय प्रकाश गुप्ता, पुष्पराज सिंह सहित तमाम शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

