एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी जताते आउटसोर्सिंग कर्मचारी।
– जलकल परिसर में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने मिठाई बांटकर जताई खुशी
– सफाई मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री का आभार जताया, कर्मचारियों के अन्य मुद्दे भी उठाए
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद जलकल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों ने खुशी जताई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले जलकल पानी की टंकी परिसर में जुटे कर्मचारियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और माला पहनाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कर्मचारियों ने मानदेय वृद्धि को लंबे समय से चल रहे संघर्ष की उपलब्धि बताया।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनवरी 2025 में कुंभ मेले के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके बाद निगम का गठन हुआ और अब मानदेय बढ़ाने के साथ ईपीएफ तथा बीमा जैसी सुविधाओं की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
अरुण पाल ने कहा कि सफाई मजदूर संघ लगातार आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहा है। मानदेय में वृद्धि कर्मचारियों के संघर्ष का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने नगर निकायों में कार्यरत संविदा और स्थायी कर्मचारियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस योजना का लाभ दिए जाने की मांग भी रखी। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिलने से गंभीर बीमारी या उपचार की स्थिति में आर्थिक बोझ कम होगा।
मानदेय बढ़ने की खुशी में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आदिल, रितिक कुमार, गुड्डू पाल, हिमांशु पाल, आशीष कुमार, अनिल कुमार, विमलेश कुमार, प्रदीप कुमार, राजबहादुर, संतोष कुमार, सुनील कुमार, रवि, नंदकिशोर, बृजेश, रज्जीलाल, अरविंद पाल, रोहित कुमार, महेंद्र कुमार, दिलशाद, रजत कुमार, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, सुखराम आदि मौजूद रहे।
