फोटो परिचय-  सदर तहसील परिसर में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हिंदू महासभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

– पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सदर तहसील में दिया सांकेतिक धरना, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
– प्रमाण पत्रों से लेकर वरासत, हकबंदी और दाखिल-खारिज तक में अनियमितता का लगाया आरोप
– एक माह में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। बारिश से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने और तहसील स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने शुक्रवार को सदर तहसील में आवाज बुलंद की। संगठन के जिला व तहसील पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में सांकेतिक धरना देकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी सदर को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए और जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं का स्थलीय सत्यापन कराकर राहत राशि दिलाने की मांग उठाई।

उन्होंने तहसील में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप था कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के साथ ही हकबंदी, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व कार्यों में लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इन कार्यों में कथित धन उगाही की शिकायतों की जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

धरना दे रहे पदाधिकारियों ने कहा कि फरियादियों की सुविधा के लिए तहसील परिसर में संबंधित लेखपालों और कानूनगो के मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाने चाहिए। इससे लोगों को अपनी समस्या के लिए संबंधित कर्मचारी से सीधे संपर्क करने में सुविधा होगी। साथ ही वरासत और हकबंदी के लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने पर भी जोर दिया गया।

हिंदू महासभा पदाधिकारियों ने तहसील के कामकाज में निजी कर्मचारियों की कथित भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। संगठन ने प्रशासन से पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आम लोगों को बिना किसी बिचौलिए के सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन में उठाई गई पांचों मांगों पर यदि एक माह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, सदर तहसील अध्यक्ष ब्रह्मेश तिवारी, प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, करण सिंह पटेल, रविंद्र सिंह परमार एडवोकेट, राजेंद्र सिंह, उमाशंकर ग्राम प्रधान फतेहनगर करसूमा, दीपक यादव, स्वामी राम आसरे आर्य, संतोष नेता, श्यामलाल पाल, अर्जुन वैद्य, पूजा यादव और सुधा सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now