मृतकों के परिवारीजनों से मुलाकात करते बसपा जिलाध्यक्ष व अन्य।
– पचास-पचास लाख रूपए मुआवजा दिलाए जाने की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनीपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सोमवार को बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट एवं प्रयागराज मंडल प्रभारी अभिषेक प्रताप सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग उठाई।
बसपा नेताओं ने बताया कि एक मई को ग्राम मनीपुर से बारात थाना असोथर क्षेत्र के अकबरपुर बड़वा गांव गई थी। बारात में शामिल सभी लोग एक ही वाहन में सवार थे। आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश और बदनीयती के चलते यह घटना हुई, जिसमें उमेश कुमार पाल, शिवकरन पासवान उर्फ ननकवा पासवान व सानू पासवान पुत्र महेंद्र पासवान की मौत हो गई। हादसे में सुखराज पाल और अतुल सिंह पुत्र ओंकार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अतुल सिंह का इलाज कानपुर स्थित मधुराज हॉस्पिटल में चल रहा है। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष ने मृतकों के परिजनों रघुराज पाल, धनराज पाल एवं महेंद्र पासवान समेत अन्य स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रत्येक मृतक परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की मदद दिलाई जाए। वीर प्रकाश लोधी ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच कराया जाना नितांत आवश्यक है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now