यमुना नदी में उफनाते पानी का दृश्य।
– तटीय और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एडवाइजरी जारी
– सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखने, अफवाहों से बचने और समय रहते घर छोड़ने की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना के बीच बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी बरतें और अधिकृत सूचनाओं के आधार पर ही कदम उठाएं।
प्रशासन ने लोगों से नदी के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर रखने की अपील की है। परिवार के सभी सदस्यों को पहले से सुरक्षित स्थान और निकासी मार्ग की जानकारी देने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ की आशंका को देखते हुए जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, मोबाइल फोन, चार्जर अथवा पावर बैंक, टॉर्च, सूखा भोजन, पेयजल और जरूरी कपड़े एक बैग में तैयार रखने की सलाह दी गई है। पशुओं को भी सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखने के साथ उनके चारे और पानी की व्यवस्था पहले से करने को कहा गया है।
पानी घर में घुसे तो तुरंत बंद करें बिजली
प्रशासन ने घर में पानी प्रवेश करने की स्थिति में बिजली का मुख्य स्विच बंद करने तथा गैस कनेक्शन को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। सुरक्षित स्थान अथवा राहत शिविर में जाने का निर्देश मिलने पर किसी तरह की देरी न करने को कहा गया है।
बाढ़ के दौरान तेज बहाव वाले पानी, नदी, नाले और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करने की हिदायत दी गई है। जलमग्न सड़क पर पैदल जाने के साथ बाइक, ट्रैक्टर अथवा अन्य वाहन निकालने से भी बचने को कहा गया है। अभिभावकों से बच्चों को नदी, नहर, तालाब और बाढ़ के पानी के आसपास न जाने देने की अपील की गई है। पानी में गिरे बिजली के तारों और खंभों से पूरी तरह दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। आपात स्थिति को देखते हुए मोबाइल फोन चार्ज रखने की सलाह भी दी गई है।
दूषित पानी और भोजन से रहें सावधान
बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने को कहा है। बाढ़ के पानी में रखा अथवा दूषित भोजन खाने से बचने और पानी उतरने के बाद भी बिना उबाले पानी का सेवन न करने की सलाह दी गई है। मृत पशुओं से दूरी बनाए रखने तथा बीमारी या चोट की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
बाढ़ अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष फतेहपुर- 05180-298632, जिला आपदा हेल्पलाइन-1077 और राज्य आपदा हेल्पलाइन-1070 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहें, आवश्यक सामान तैयार रखें और किसी भी चेतावनी को हल्के में न लें। समय पर उठाया गया सावधानी भरा कदम ही बाढ़ जैसी आपदा में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।
