फोटो परिचय-  डीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी व अन्य कार्यकर्ता।

व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की जताई आशंका

कांग्रेस ने एमडीआर व्यवस्था लागू न करने की उठाई मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। डिजिटल लेनदेन के लिए व्यापक रूप से इस्तेमाल किए जा रहे यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेसियों ने शुल्क व्यवस्था को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इसका प्रभाव सीधे व्यापारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ सकता है।

ज्ञापन में कांग्रेस ने मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू किए जाने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई। पार्टी पदाधिकारियों का कहना था कि डिजिटल भुगतान पहले ही रोजमर्रा के कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क निर्धारित किए जाने से छोटे व्यापारियों और कारोबारियों की लागत बढ़ने की आशंका है। इसका असर आगे चलकर वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था ने आम लोगों और व्यापारियों के लिए लेनदेन को आसान बनाया है। ऐसे में इस सुविधा पर शुल्क लगाने का निर्णय जनहित में नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि महंगाई के बीच जनता पहले से ही आर्थिक दबाव का सामना कर रही है, इसलिए किसी नए शुल्क का भार व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अलग-अलग शुल्क और करों के कारण आम आदमी तथा व्यापारी वर्ग की परेशानियां बढ़ रही हैं। कांग्रेस अतिरिक्त आर्थिक बोझ वाली किसी भी व्यवस्था का विरोध करेगी। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रस्तावित शुल्क ढांचे को लागू न किए जाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी, संतोष कुमारी शुक्ला, पप्पी राजपूत, नीलम द्विवेदी, निशा गुप्ता, राजेंद्र लोधी, आशीष गौड़, देवी प्रकाश दुबे, अरुण जायसवाल, मो. शमशाद, बशीर अहमद, आरिफ खान, राजीव श्रीवास्तव, अजय बच्चा, धर्मेंद्र सिंह, हम्माद हुसैन समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now