फोटो परिचय-  गिरफ्तार विद्युत तार चोरी के आरोपितों के साथ पुलिस टीम।

11 व 33 केवी लाइनों से तार काटकर लाखों का माल समेटते थे आरोपी

पिकअप में भरा 700 किलो एल्युमीनियम तार, दो कारें और चोरी के औजार बरामद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सुनसान इलाकों में विद्युत लाइनों की पहले रेकी और फिर रात के अंधेरे में पोल पर चढ़कर तार काटने वाले गिरोह का कल्यानपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब सात सौ किलोग्राम एल्युमीनियम विद्युत तार, तार काटने के उपकरण, दो कारें और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई से विद्युत लाइन से तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह में खलबली मच गई।

पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को विद्युत उपकेंद्र बिंदकी रोड द्वितीय के अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने कल्यानपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम गंगौली के बाहर निर्माणाधीन 11 केवी लाइन के साथ ही महरहा-बिंदकी मार्ग से जुड़ी 33 केवी लाइन को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने 11 केवी लाइन के करीब 17 पोल तथा 33 केवी लाइन के 13 पोलों से विद्युत तार काटकर पार कर दिए थे। तार चोरी के दौरान तीन विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो तार चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए गए। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुमित कुमार धानूक निवासी शक्तिनगर शुक्लागंज, शिवांशू गुप्ता उर्फ लकी गुप्ता निवासी पोनी रोड शुक्लागंज तथा राजेश पटेल निवासी बगहा बीघापुर, उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।

ठेकेदारी के अनुभव का चोरी में करते थे इस्तेमाल

पूछताछ में पुलिस को राजेश पटेल के बारे में अहम जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार वह पूर्व में निजी विद्युत ठेकेदारी का काम कर चुका है, जिसके चलते उसे विद्युत लाइनों और तारों की तकनीकी जानकारी थी। इसी अनुभव का इस्तेमाल वह चोरी की वारदातों में करता था। गिरोह पहले सुनसान स्थानों की रेकी कर विद्युत लाइन, पोल और वहां तक पहुंचने के सुरक्षित रास्ते चिह्नित करता था।

पुलिस का कहना है कि इसके बाद ठेकेदारी की आड़ में मजदूरों को विद्युत लाइन उतारने का काम बताकर साथ लिया जाता और रात के समय पोलों पर चढ़कर तार काट दिए जाते थे। काटे गए तारों को वाहन में लादकर ले जाने के बाद कबाड़ के जरिए बेचकर रकम हासिल की जाती थी।

पिकअप में लदा मिला चोरी का तार

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 700 किलोग्राम एल्युमीनियम विद्युत तार से लदी महिंद्रा पिकअप, एक स्विफ्ट और एक अल्टो कार बरामद की है। इसके अलावा तार काटने वाले दो कटर, विद्युत पोल पर चढ़ने में इस्तेमाल होने वाली एक जोड़ी लोहे की चप्पल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड फोन और 1140 रुपये नकद भी मिले हैं।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रविशंकर, उपनिरीक्षक मंगेश कुमार मिश्रा, अनुज कुमार मिश्रा, विवेक कुमार, शिवनारायण सिंह, कांस्टेबल नीलेश कुर्मी, कुलदीप सिंह तथा रिजर्व आर्म्ड कांस्टेबल अंकित कुमार दुबे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now