कांग्रेसियों ने कोतवाली पहुंचकर की प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगान के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने मामले को राष्ट्रगान की गरिमा से जुड़ा बताते हुए कोतवाली पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लिखित तहरीर दी और प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के नेतृत्व में पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि एसवीएम इंटर कॉलेज, पूरन नगर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान चल रहा था। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल से चले जाने से राष्ट्रगान की मर्यादा प्रभावित हुई। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रगान देश की एकता, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रगान के दौरान इस प्रकार का व्यवहार उसकी गरिमा के अनुरूप नहीं है। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि राष्ट्रगान प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है और इसकी मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस नेताओं ने तहरीर में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा-3 के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की मांग उठाई।

तहरीर देने वालों में जिला उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी, राजीव लोचन निषाद, राजेंद्र लोधी, इंजी. देवी प्रकाश दुबे, जेपी पासवान, फजलुर्रहमान असलम, नरेंद्र सिंह रिक्की, सैयद सहाब अली, राम नरेश महराज, ओम प्रकाश कोरी, रेखा पासवान, इशरत, शकीला बानो, निजामुद्दीन, बसीर अहमद, शैलेन्द्र सिंह, मो. नौसाद, चौधरी मोइन राइन, इंद्रजीत लोधी, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, सुधीश पाण्डेय, नजमी कमर, मो. रमजान, हम्माद हुसैन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now