कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– 16 से 22 तक होगा कार्यक्रम, हर ग्राम पंचायत में बनेंगे पांच-पांच सोक पिट
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में 12 जुलाई को होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 और 16 से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाले भूजल सप्ताह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय रहते पौधों का उठान कर चिन्हित स्थलों पर पौधरोपण सुनिश्चित करें और रोपे गए पौधों के संरक्षण की भी पुख्ता व्यवस्था करें।
डीएम ने कहा कि 12 जुलाई का वृक्षारोपण महायज्ञ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन के रूप में सफल बनाया जाए। सभी विभाग अपनी कार्ययोजना तैयार कर पौधरोपण कराएं तथा प्रत्येक स्थल की फोटो, वीडियोग्राफी और जियो टैगिंग भी अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा अवश्य लगवाया जाए। डीएम ने कहा कि जनभागीदारी के बिना वृक्षारोपण अभियान की सफलता संभव नहीं है। बैठक में 16 से 22 जुलाई तक मनाए जाने वाले भूजल सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने बताया कि यह अभियान जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प थीम पर ग्राम पंचायत, ब्लॉक, नगर निकाय और जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच सोक पिट बनाए जाएं और आमजन के बीच जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, डीसी जीरामजी, डीसी एनआरएलएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now