शाह कस्बे में बैठक करते किसान यूनियन के पदाधिकारी।

फरियादियों को कथित तौर पर टालने और कार्रवाई में लापरवाही का लगाया आरोप

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। अयाह-शाह कस्बे में बुधवार को हुई भारतीय किसान यूनियन की बैठक में स्थानीय पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया। किसानों ने आरोप लगाया कि शाह चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता और कई मामलों में उन्हें दूसरे विभाग का मामला बताकर वापस कर दिया जाता है। संगठन ने अब पूरे मामले को पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाने का निर्णय लिया है।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक महासचिव प्रीतम सिंह ने की। इस दौरान किसानों ने अपने-अपने मामलों को रखते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। किसान दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके खेत की मेड़ तोड़कर दूसरे पक्ष द्वारा जमीन अपने खेत में मिला लेने की शिकायत लेकर वह शाह चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस ने मामले को राजस्व विभाग से जुड़ा बताकर उन्हें वापस कर दिया।

किसानों ने पशुओं को बांधने के लिए निर्धारित स्थान पर कथित कब्जे का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि कुछ लोगों द्वारा वहां मौरंग और ईंट आदि डालकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय उनके कृषि यंत्र और पशुओं को हटाने का दबाव बनाया गया।

बैठक में पत्थरगड़ी के बाद पत्थर उखाड़े जाने का मामला भी उठाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज किए जाने के निर्देश के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इन मामलों को लेकर किसान यूनियन पदाधिकारियों ने चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की जांच कराने की मांग की।

किसानों ने शाह चौकी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की मांग भी रखी। बैठक के दौरान चौकी प्रभारी ने किसानों की शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। हालांकि संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के समाधान में लापरवाही जारी रही तो किसान प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत करेगा।

बैठक में दीपक गुप्ता, रंजीत यादव, उग्रसेन सिंह, राजकुमार मौर्या, पुत्तन सिंह, विक्रम सिंह, विश्वजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हरिओम सिंह, रंजीत लोधी, रामकुमारी, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now