गोष्ठी को संबोधित करते सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षक के रूप में देश की शिक्षा व्यवस्था को दिशा देने के साथ ही भारतीय दर्शन और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचारों में शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास का प्रमुख आधार माना गया।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन ज्ञान, शिक्षा और भारतीय दर्शन के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय संस्कृति और दर्शन को विश्व पटल पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उनका मानना था कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, विचार और व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि उन्हें सही दिशा दिखाकर देश के भविष्य को मजबूत बनाने में योगदान देता है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भी डॉ. राधाकृष्णन के विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। समाज को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान को प्राथमिकता देना जरूरी है।
इस अवसर पर जगनायक सिंह यादव, रामशरण यादव, समरजीत सिंह, वीरेंद्र यादव, पूर्व एमएलसी लवकुश यादव, बीना पटेल, जगदीश सिंह एडवोकेट, राम किशोर प्रजापति, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, केपी यादव, आसिफ मसूद, आजम खान, महेंद्र निषाद, कामता यादव, अंकुश यादव, अशोक निषाद, सुजीत निषाद और नीरज कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
