फोटो परिचय- बैठक करते पूर्व सैनिक उत्थान समिति के पदाधिकारी।
– पूर्व सैनिक उत्थान समिति ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
– 17 सितंबर को एसपी से मिलेगा संगठन का प्रतिनिधिमंडल
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। सड़क हादसे में पूर्व सैनिक उत्थान समिति के महासचिव फूल सिंह लोधी के पुत्र योगेंद्र लोधी की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने प्रकरण को लेकर 17 सितंबर को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, नौ सितंबर को योगेंद्र लोधी मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में थाना कोतवाली सदर में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
मृतक के पिता फूल सिंह लोधी ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी को घटना की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे और सभी नशे की हालत में थे। उनका यह भी आरोप है कि कार सवार इससे पहले राधानगर क्षेत्र में किसी घटना के बाद वहां से भाग रहे थे। इसी दौरान उनकी कार ने योगेंद्र की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसी कार्रवाई को लेकर पूर्व सैनिक उत्थान समिति ने नाराजगी जताई है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और घटना के लिए वास्तविक रूप से कौन जिम्मेदार है।
प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी के मुताबिक, मामले में कोतवाली प्रभारी से मुलाकात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बताया गया कि वह पशुओं से लदे ट्रकों को पकड़े जाने की कार्रवाई में व्यस्त हैं। इसके चलते उस समय मुलाकात नहीं हो सकी। संगठन की ओर से कचहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनमोल सिंह से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। अध्यक्ष का दावा है कि करीब तीन घंटे के दौरान 11 बार फोन करने के बावजूद चौकी प्रभारी से बातचीत नहीं हो सकी।
पुलिस से अपेक्षित कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए संगठन पदाधिकारियों ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगेंद्र लोधी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर आवाज उठाएगा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को संगठन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएगा। साथ ही वास्तविक आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
बैठक में भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री, राजकुमार तिवारी, जागृति तिवारी, लखनलाल विश्वकर्मा, राम सजीवन, देवेंद्र कुमार शुक्ला, रामराज अवस्थी, राजेश कुमार शुक्ला समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
