जुलूस-ए-मुहम्मदी में नात-ए-पाक पेश करती अंजुमन एवं अंजुमनों का इस्तकबाल करते राजनीतिक दलों के नेता वा समाजसेवी।

– जुलूस-ए-मुहम्मदी में हजारों अकीदतमंदों ने की शिरकत, नात-ए-पाक से गूंजता रहा शहर

 

– जगह-जगह लगे स्वागत स्टाल, अंजुमनों को शील्ड, मिठाई और उपहार देकर बढ़ाया हौसला

CITY NEWS FATEHPUR 

फतेहपुर(CNF)। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब की यौमे पैदाइश का जश्न बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीणांचलों तक पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। पैदाइश की रात शहर के विभिन्न मोहल्ले रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठे। बुधवार को जोहर की नमाज के बाद शहर के करीब दो दर्जन मोहल्लों से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। अकीदतमंदों की भारी भीड़ के बीच निकले जुलूस में अंजुमनों ने नात-ए-पाक पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। ‘अल्लाहो अकबर’, ‘नारे तकबीर’ और ‘नारे रिसालत या रसूलल्लाह’ की सदाओं से पूरा शहर गूंजता रहा।

जुलूस को लेकर अंजुमनों ने कई दिन पहले से नात-ए-पाक की तैयारियां शुरू कर दी थीं। निर्धारित समय पर अलग-अलग मोहल्लों से अंजुमनें जुलूस की शक्ल में निकलीं और चोगलिया में एकत्र हुईं। यहां से सभी अंजुमनें एक साथ आगे बढ़ीं। जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न रंगों की पोशाक पहने बच्चे और बुजुर्ग आकर्षण का केंद्र रहे। कोई हरे रंग की पोशाक में नजर आया तो कोई कत्थई और सफेद लिबास में दिखाई दिया।

 

चोगलिया से आगे बढ़ा जुलूस लाठी मोहल, बाकरगंज से जीटी रोड होते हुए मुखलाल वाली गली पहुंचा। रास्ते में आशिकाने रसूल की ओर से जगह-जगह स्वागत स्टाल लगाए गए थे। अंजुमनों के पहुंचते ही लोगों ने फूलों की बारिश कर उनका इस्तकबाल किया। कई स्थानों पर शर्बत, पानी और विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री वितरित की गई। लोगों ने अपनी ओर से सेवा कर सवाब हासिल किया।

 

जुलूस के स्वागत के लिए राजनीतिक दलों और समाजसेवियों की ओर से भी विभिन्न स्थानों पर स्टाल लगाए गए। समाजसेवी व पत्रकार मोहसिन खान की अगुवाई में वसी खान, छोटे, राजा, नेहाल उद्दीन, अनवार हुसैन, अबरार हुसैन, मेराज उद्दीन महताब, फारूक खान और हवा खान ने अंजुमनों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। सभी ने अंजुमनों को शील्ड, मिठाई और उपहार भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।

समाजवादी पार्टी के जहानाबाद चेयरमैन आबिद हसन ने भी अंजुमनों को शील्ड देकर सम्मानित किया। उनके साथ पार्टी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए गए स्वागत स्टाल पर जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट, जिला महासचिव चौधरी मंजर यार और नफीस उद्दीन समेत तमाम सपाई मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने जुलूस में शामिल अंजुमनों का स्वागत और इस्तकबाल किया।

 

वरिष्ठ समाजसेवी असलम शेर खां एडवोकेट ने भी जुलूस में शामिल अंजुमनों को रोककर फूल-माला पहनाई और उनका इस्तकबाल किया। उन्होंने अंजुमनों को शील्ड देकर सम्मानित भी किया।

 

उधर कांग्रेस पार्टी की ओर से भी जुलूस के स्वागत के लिए स्टाल लगाया गया। यहां जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा, प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे और सुधाकर अवस्थी समेत तमाम कांग्रेसियों ने अंजुमनों का स्वागत किया और जुलूस-ए-मुहम्मदी में शामिल लोगों का इस्तकबाल किया।

इसके बाद जुलूस मुखलाल स्वीट हाउस गली से सैय्यदवाड़ा, मुस्लिम इंटर कॉलेज, महाजरी और पीलू तले चौराहा होते हुए लल्लू मियां कोठी मार्ग पहुंचा। यहां से जुलूस तकिया तले के लिए रवाना हुआ। पूरे रास्ते नात-ए-पाक का सिलसिला जारी रहा। ‘सरकार की आमद मरहबा’, ‘आ गए सरकार, मेरे आ गए सरकार’, ‘मेरे आका के जैसा कोई नहीं’ समेत विभिन्न नातों की सदाएं देर रात तक गूंजती रहीं।

जुलूस-ए-मुहम्मदी को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जुलूस के मार्ग पर ड्रोन से रखी जा रही थी नजर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। देर रात जुलूस चौक चौराहे पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जुलूस के सकुशल समापन के बाद जिला एवं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

खागा, बिंदकी समेत ग्रामीणांचलों में भी रही धूम

फतेहपुर(CNF)। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश का जश्न शहर के साथ खागा, बिंदकी तहसील क्षेत्रों और ग्रामीणांचलों में भी अकीदत के साथ मनाया गया। निर्धारित स्थानों से जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस में अंजुमनों ने हजरत मुहम्मद साहब की शान में नात और कलाम पेश किए। जुलूस देखने के लिए भी जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। खागा नगर में भी जुलूस निकाला गया, जिसने विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now