– निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में बुधवार की रात घर में सो रहे दंपती को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिन्हें उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार सेमरा गांव निवासी वेद प्रकाश शुक्ला पुत्र स्व0 राम आसरे शुक्ला 32 वर्ष अपनी 29 वर्षीय पत्नी निधि शुक्ला के साथ बिस्तर में सो रहा था। तभी अर्द्धरात्रि जहरीले सर्प ने पहले पत्नी को डसा बाद में पति को डस लिया। जानकारी होने पर परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल आए। जहां इलाज के बाद मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। घरवाले उन्हें मेडिकल कालेज ले गए। जहां उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन कानपुर न ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करवा रहे थे। तभी भोर पहर पत्नी निधि ने दम तोड़ दिया। पति वेद प्रकाश शुक्ला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के जेठ नीरज शुक्ला ने दी है।
