फोटो परिचय- खागा तहसील परिसर में प्रदर्शन करते और ज्ञापन सौंपते वामदलों के कार्यकर्ता।
खागा तहसील में गरजे कार्यकर्ता, कानून-व्यवस्था से लेकर महंगाई और बेरोजगारी तक सरकार को घेरा
मस्जिद दोबारा स्थापित कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग, राज्यपाल के नाम भेजा चार सूत्री ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। प्रदेश में कानून-व्यवस्था और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर वामदलों ने मंगलवार को खागा तहसील परिसर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित धरना-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सहारनपुर मस्जिद प्रकरण को लेकर तीखा विरोध जताया। वक्ताओं ने धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में कानून के अनुरूप कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान वामदलों के कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता से जुड़े बुनियादी सवालों का समाधान करने के बजाय राजनीतिक मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने कानून का राज मजबूत करने और सभी वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
वक्ताओं ने सहारनपुर की मस्जिद के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वर्ष 1911 में निर्मित मस्जिद से संबंधित दस्तावेज करीब एक सदी पुराने बताए जाते हैं। इसके बावजूद मस्जिद को कथित रूप से गलत तरीके से तोड़े जाने की घटना पर उन्होंने नाराजगी जताई। नेताओं का कहना था कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में जल्दबाजी या पक्षपातपूर्ण कार्रवाई सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने मस्जिद को पुनः स्थापित कराने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।
धरने के बाद वामदलों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को चार सूत्री ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में प्रदेश में कानून का राज कायम करने, महिलाओं, दलितों, पिछड़े वर्ग और मुसलमानों पर होने वाले अत्याचारों पर प्रभावी रोक लगाने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इसके साथ ही सहारनपुर की मस्जिद को पुनः स्थापित कराने, मस्जिद तोड़े जाने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रामप्रकाश, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कॉमरेड मोतीलाल, एडवोकेट राज, कॉमरेड रामचंद्र, जिला सचिव कॉमरेड रामकृष्ण हेगड़े, कॉमरेड पुरनलाल, सुमन सिंह चौहान, जगदेव भाई, शिबबागो, नेम सिंह एडवोकेट, राम सुमेर यादव, एडवोकेट प्रमोद, एडवोकेट विनोद और एडवोकेट अतुल कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
