साइबर सेल टीम का धन्यवाद करता पीड़ित।
– टीम ने प्रयास करके 1.11 लाख रुपए कराए वापस
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए तीन पीड़ितों के खाते में कुल 1 लाख 11 हजार 225 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में साइबर सेल टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच कर त्वरित कार्रवाई की, जिससे ठगी के शिकार लोगों को राहत मिल सकी।

पुलिस के अनुसार हथगांव थाना क्षेत्र निवासी राहुल सोनी को आंगनबाड़ी कर्मी बनकर लिंक भेजा गया था और उनके खाते से 35 हजार 25 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई थी। पीड़ित द्वारा तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। साइबर सेल टीम ने न्यायालय के आदेश और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर पूरी धनराशि वापस कराई। इसी तरह हथगांव निवासी राजेश कुमार केशरवानी को गांव का परिचित बनकर सामान मंगवाने के नाम पर 39 हजार 600 रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और साइबर हेल्पडेस्क टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित खातों की जांच कर धनराशि वापस दिलाई। हुसैनगंज थाना क्षेत्र निवासी छत्रपाल सिंह के रिश्तेदार का फोन हैक कर उनसे रुपये मांगे गए थे। साइबर ठगों ने 40 हजार रुपये की ठगी की थी, जिसमें से पुलिस टीम ने 36 हजार 600 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए। धनराशि वापस मिलने पर सभी पीड़ितों ने फतेहपुर पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now