मेधावी छात्रा अफरा जाफरी व फलक नाज।
CIT Y NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार फातिमा पब्लिक स्कूल हथगाम की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले भर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया। साइंस संकाय में अफरा जाफरी ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, वहीं कॉमर्स संकाय में फलक नाज़ ने टॉप कर सफलता की नई इबारत लिख दी। दोनों छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल रहा।
रिजल्ट घोषित होते ही छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूल पहुंचकर परिजनों ने मिठाई खिलाकर बच्चों की सफलता का जश्न मनाया। शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। फातिमा पब्लिक स्कूल हथगाम के संस्थापक एवं प्रबंधक रिजवान हकीम कासमी ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अफरा जाफरी और फलक नाज़ ने यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। वहीं ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल के प्रबंधक वासिफ हुसैन ने भी छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इन होनहार बेटियों ने पूरे शिक्षा जगत को प्रेरणा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
