फोटो परिचय- ट्रेन से गिरे मासूम की फाइल फोटो।
– कानपुर से प्रयागराज के बीच रातभर चला तलाशी अभियान, फैजुल्लापुर के पास ट्रैक किनारे मिला शव
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। सीमांचल एक्सप्रेस से सफर के दौरान लापता हुआ नौ माह का मासूम कनिष्क शनिवार देर रात फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक किनारे मृत अवस्था में मिला। बच्चे के ट्रेन से गिरने की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कानपुर से प्रयागराज तक रेलवे ट्रैक के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात मासूम का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के बेगूसराय निवासी मोहन कुमार अपनी पत्नी काजल और नौ माह के बेटे कनिष्क के साथ सीमांचल एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर जा रहे थे। कानपुर से ट्रेन रवाना होने के बाद काजल बच्चे को लेकर सीट पर सो गईं। इसी दौरान करीब 4:17 बजे मोहन की नींद खुली और उन्होंने देखा कि बच्चा सीट पर मौजूद नहीं था। काफी तलाश के बाद भी कनिष्क का पता नहीं चला।
परिजनों की नजर सामने की इमरजेंसी खिड़की पर पड़ी, जो खुली हुई थी। इसके बाद आशंका जताई गई कि नींद के दौरान मासूम खिसककर इमरजेंसी खिड़की से बाहर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। संभावित घटनास्थल और ट्रेन के मार्ग के आसपास रातभर सर्च अभियान चलाया गया।
शनिवार देर रात फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे मासूम का शव बरामद होने से तलाश अभियान समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी जांच जीआरपी व अन्य पुलिस टीमें कर रही हैं।
