– पीछे से आए ट्रक ने युवक-युवती को मारी टक्कर, युवती गंभीर घायल
– हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना संजोए युवक-युवती शनिवार सुबह रोज की तरह दौड़ लगाने निकले थे। खागा कोतवाली क्षेत्र के इस्कुरी मोड़ के समीप एनएच-2 पर उनकी दौड़ उस समय मातम में बदल गई, जब पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

कमलाखेड़ा दयालपुर निवासी सियाराम का 22 वर्षीय पुत्र संजय कुमार और टेसाही खुर्द गांव निवासी पुत्तन की 20 वर्षीय पुत्री प्रजुल उर्फ काजल सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। दोनों प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे इस्कुरी मोड़ के पास एनएच-2 के किनारे दौड़ लगा रहे थे।

बताया गया कि इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रजुल उर्फ काजल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवती को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उधर, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।

संजय की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा संजय हादसे का शिकार हो जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। घटना के संबंध में पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई रामू कुमार ने जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now