– गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
– पुलिस व राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के समाधान की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सामाजिक चेतना मंच के 15वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ आम लोगों को सरकारी स्तर पर आने वाली दिक्कतों और कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
शुक्रवार को एक पैलेस में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग के असलम सिद्दीकी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता धीरेंद्र बहादुर पासवान ने की। संगठन के प्रांत संयोजक आरपी मौर्य ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर हुई। वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के विचारों और सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को मुख्य अतिथि के सामने रखा। चर्चा के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित कथित भ्रष्टाचार की शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों को कई स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान की मांग उठाई।
मुख्य अतिथि असलम सिद्दीकी ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
इस मौके पर महामंत्री अरुण कुमार रावत, राजेश कुमार मौर्य एडवोकेट, श्रीकृष्ण गुप्त एडवोकेट, मोहनलाल पासवान एडवोकेट, चिंतामणि मिश्र एडवोकेट, मनोज कुमार पासवान एडवोकेट, रामदीन सरोज, रेखा सरोज, भाजपा महामंत्री रमा पासवान, लल्लन मौर्य, श्यामलाल प्रसाद मौर्य, बिंदा प्रसाद प्रजापति, इंद्रजीत सिंह, दयाराम यादव, गोविंद मोरे समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
