दुर्घटनाग्रस्त टैंकर व कंटेनर।
– टक्कर के बाद 200 मीटर तक घिसटता गया कंटेनर
– फायर ब्रिगेड ने संभाली स्थिति, पीएम को भेजा शव
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे-2 पर शनिवार सुबह हाइड्रोजन टैंकर और सड़क किनारे खड़े कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर से हड़कंप मच गया। हादसा इतना जोरदार था कि कंटेनर करीब दो सौ मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। टक्कर के बाद हाइड्रोजन टैंकर का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, ग्रामीणों और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन काटकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह भारतपुर के पास प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रहा हाइड्रोजन टैंकर हाईवे किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद टैंकर चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और सीसी टीम प्रभारी सतीश पवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। हाइड्रोजन से भरा टैंकर होने के कारण हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने लिखापढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now