मुठभेड़ के बाद घायल इनामी अभियुक्त को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, तमंचा-कारतूस बरामद
पुलिस के मुकदमे में वांछित था अमित उर्फ टेनी, 16 मुकदमों का है आपराधिक इतिहास
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जाफरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक रुसिया रोड पर डिघरुवा गांव के समीप घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गुरुवार देर रात जाफरगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रुसिया रोड पर डिघरुवा गांव के पास पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमित कुमार उर्फ टेनी पुत्र स्व. अच्छेलाल निवासी डिघरुवा, थाना जाफरगंज के बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार अमित कुमार उर्फ टेनी जाफरगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 134/2026 में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
घटना के बाद पुलिस टीम ने घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
16 मुकदमों का सामने आया आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक घायल गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार उर्फ टेनी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। अब तक की जांच में उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जनपदों में कुल 16 अभियोग दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके पुराने मुकदमों, आपराधिक गतिविधियों और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
