फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपने के लिए खड़े डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी।

* मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ की सहायता मांगी

* परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और हत्यारों पर कठोर कार्रवाई की उठाई आवाज

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जालौन जनपद की कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या ने प्रदेश के अधिवक्ता समुदाय को झकझोर दिया है। इस जघन्य घटना के विरोध में फतेहपुर के अधिवक्ताओं ने भी आवाज बुलंद करते हुए सरकार से न्याय और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग नारायण मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें 31 अक्टूबर को हुई अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा गया कि जब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम अधिवक्ताओं की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस घटना ने प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिवक्ताओं ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखते हुए हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने, वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने तथा परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही प्रदेश में लंबे समय से लंबित अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को जल्द लागू करने पर भी जोर दिया।

ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। न्याय दिलाने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिवक्ताओं की जान-माल की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कानूनी प्रावधान और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री से मांगों पर तत्काल निर्णय लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

इस अवसर पर मणि प्रकाश दुबे, गनेश, धनंजय सिंह यादव, सुशील मिश्र, हंसराज सिंह, सतीश शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now