– 15 सितंबर तक आवेदन, 90 मिनट की कक्षा के मिलेंगे दो हजार रुपये**

**- यूपीएससी, पीसीएस, नीट व जेईई के लिए अतिथि व्याख्याताओं का चयन

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विशेषज्ञ शिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी। योजना के प्रशिक्षण केंद्रों पर यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और जेईई की तैयारी कराने के लिए विषय विशेषज्ञों को अतिथि व्याख्याता के रूप में सूचीबद्ध किया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार योग्य, अनुभवी और प्रोफेशनल अभ्यर्थियों का चयन विशेषज्ञ चयन समिति की संस्तुति के बाद किया जाएगा। अभ्यर्थियों की विषय विशेषज्ञता परखने के लिए परीक्षण व्याख्यान और ट्रायल लेक्चर भी कराया जाएगा। चयन के बाद संबंधित प्रशिक्षण केंद्रों पर विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

यूपीएससी और यूपीपीएससी की तैयारी के लिए सामान्य विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा नीतिशास्त्र विषय के दो-दो अतिथि व्याख्याताओं का चयन किया जाएगा। इसी तरह नीट और जेईई के विद्यार्थियों के लिए भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के विशेषज्ञों को जोड़ा जाएगा।

सिविल सेवा और पीसीएस के लिए विश्वविद्यालय अथवा राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक, यूपीएससी मुख्य परीक्षा या पीसीएस साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थी तथा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थी पात्र होंगे। नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस, बीएएमएस या बीडीएस डिग्री धारक आवेदन कर सकते हैं। जेईई के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी, एमटेक अथवा बीटेक डिग्री जरूरी होगी।

ख्याति प्राप्त कोचिंग संस्थान में कम से कम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन में वरीयता दी जाएगी। अतिथि व्याख्याताओं को 90 मिनट के प्रत्येक व्याख्यान के लिए दो हजार रुपये मानदेय मिलेगा, जबकि सेवारत सरकारी सेवकों को शासनादेश के अनुसार प्रति सत्र 500 रुपये का भुगतान किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी तीन सितंबर से 15 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से आवेदन फार्म प्राप्त कर निर्धारित अवधि में जमा कर सकते हैं। विभाग ने योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से समय से आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now