– प्रशिक्षार्थी करेंगे वाहन मरम्मत व ब्यूटी सेवाएं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को अब पढ़ाई और प्रशिक्षण के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने तथा स्वावलंबी बनने का अवसर मिलेगा। निदेशक प्रशिक्षण निदेशालय के निर्देश पर संस्थान में अर्न व्हाइल यू लर्न पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत कास्मेटोलॉजी एवं मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड के प्रशिक्षणरत प्रशिक्षार्थी आम उपभोक्ताओं से जुड़े कार्यों को व्यावहारिक रूप से सीखते हुए सेवाएं प्रदान करेंगे।

प्रधानाचार्य ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ वास्तविक कार्य का अनुभव देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना है। इसके तहत आम लोग अपने मोटर वाहन तथा ब्यूटीशियन से संबंधित उपकरणों अथवा कार्य/मरम्मत के लिए सामान संस्थान में ला सकेंगे। संबंधित कार्य प्रशिक्षार्थियों द्वारा संस्थान के अनुदेशकों और कार्यदेशकों की निगरानी में कराया जाएगा। संस्थान में उपभोक्ताओं के सामान को प्राप्त करने और मरम्मत के बाद सुरक्षित रूप से वापस सौंपने के लिए अधिकृत कर्मचारी तथा पंजिका की व्यवस्था की गई है। मरम्मत कार्य के लिए शुल्क भी पारदर्शी रखा जाएगा और न्यूनतम लागत व आवश्यक संसाधनों के आधार पर पूर्व निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। इससे लोगों को उचित लागत पर सुविधा मिलने के साथ प्रशिक्षार्थियों को वास्तविक कार्य का अनुभव हासिल होगा। योजना के तहत प्राप्त आय का निर्धारित हिस्सा कार्य करने वाले कुशल प्रशिक्षार्थियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाएगा, जबकि एक हिस्सा आवश्यक कच्चा माल खरीदने में उपयोग किया जाएगा। संस्थान प्रशासन के अनुसार सभी कार्य संबंधित व्यवसाय के अनुदेशकों और कार्यदेशकों की देखरेख में सुरक्षा एवं गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now