– शासन के निर्देशों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए पालिकाध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों को बेहतर पारिश्रमिक दिलाने की पहल शुरू हो गई है। वार्ड संख्या 33 सिविल लाइन के सभासद विनय कुमार तिवारी ने कर्मचारियों के हितों को प्रमुखता से उठाते हुए पालिकाध्यक्ष को पत्र सौंपा है। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक के आधार पर सभी आउटसोर्स कर्मियों को वेतन का भुगतान कराने की मांग की है।
सभासद ने अपने मांग पत्र में शासन के दो महत्वपूर्ण आदेशों का हवाला दिया है। इनमें सचिवालय प्रशासन अनुभाग-13 की ओर से 2 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश तथा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा 16 नवंबर को जारी निर्देश शामिल हैं। इन आदेशों में आउटसोर्स कर्मचारियों को निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
विनय कुमार तिवारी का कहना है कि नगर पालिका में विभिन्न कार्यों में लगे आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शासन के निर्देशों का पूरा लाभ मिलना चाहिए। कर्मचारियों से जिम्मेदारी के साथ काम लिया जाता है, इसलिए उन्हें शासन की निर्धारित दरों के मुताबिक पारिश्रमिक दिया जाना जरूरी है। इससे उनके आर्थिक हितों की रक्षा होने के साथ परिवार के भरण-पोषण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने पालिकाध्यक्ष से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने और सभी पात्र कर्मचारियों को बढ़े हुए पारिश्रमिक का लाभ दिलाने की मांग की है। मांग पत्र के साथ शासनादेश और आउटसोर्स सेवा निगम के पत्रों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं। सभासद ने जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
