आउटसोर्स कर्मी को स्वीकृति पत्र देते जनप्रतिनिधि।

– मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स सेवा निगम का लोगो, वेबसाइट और डिजिटल पोर्टल किया शुरू
– सीधे खाते में पहुंचेगा पारिश्रमिक, ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा भी मिलेगी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आउटसोर्स कर्मचारियों को ठेकेदारों और बिचौलियों के जरिए होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने नई व्यवस्था की शुरुआत की है। बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का लोगो जारी करने के साथ डिजिटल वेबसाइट व पोर्टल का शुभारंभ किया। साथ ही आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी की घोषणा की गई।

नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किए जाने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा कर्मचारियों को ईपीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य ठेकेदारी व्यवस्था में होने वाली अनियमितताओं और बिचौलियों की भूमिका को कम करते हुए कर्मचारियों को उनके मेहनताने का पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित करना है।

विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, विधायक जहानाबाद राजेंद्र पटेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजकुमार मौर्य सहित श्रम विभाग और नगर पालिका के अधिकारी, सभासद, आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण शिविर भी लगाया गया। पात्र पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र के साथ एफडी भी प्रदान की गई।

नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई कर्मियों को पीपीई किट भी वितरित की गई। अधिकारियों ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए लागू की जा रही नई व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और श्रमिकों के अधिकारों का बेहतर संरक्षण हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में श्रम विभाग के अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और श्रमिकों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now