– पिछले साल से दस गुना अधिक दाम रहे
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। गुरु पूर्णिमा पर्व के चलते नवीन मंडी स्थल में आम खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आम खरीदने मंडी पहुंचे। खरीददारों की भीड़ और वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण मंडी परिसर और आसपास के मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। काफी देर तक लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकाला गया, जिसके बाद किसी तरह रास्ता खुल सका और लोगों को राहत मिली। भीड़ के कारण मंडी में पूरे दिन चहल-पहल का माहौल बना रहा। गुरु पूर्णिमा पर्व के कारण आम की मांग बढ़ने से मंडी में खरीदारी के लिए लोगों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। मंडी में आम की विभिन्न किस्मों की कीमत करीब 120 रुपये से लेकर 190 रुपये तक रही। खरीददारों का कहना था कि इस बार आम के दाम पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक हैं। आम खरीदने पहुंचे जय प्रकाश तिवारी, रिंकू सविता, नरेंद्र सिंह और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस साल आम की कीमतों में काफी इजाफा हुआ है। उनका कहना था कि त्योहार के चलते खरीदारी जरूरी होने के कारण अधिक कीमत के बावजूद आम खरीदना पड़ रहा है। मंडी में भीड़ के चलते व्यापारियों और खरीददारों के बीच दिनभर व्यस्तता बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now