पुलिस अधीक्षक कार्यालय।
– थानों और चौकियों से हटाए गए दरोगाओं से महकमे में हलचल, अरविंद मौर्या को असनी चौकी की जिम्मेदारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में पुलिसिंग की व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अचानक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एक साथ 13 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इनमें 12 उपनिरीक्षकों को उनकी मौजूदा तैनाती से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि एक उपनिरीक्षक को महत्वपूर्ण चौकी की कमान सौंपी गई है। बड़े पैमाने पर हुए इस बदलाव से पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
एसपी की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में थाना कल्यानपुर में तैनात उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मौर्या को थाना हुसैनगंज की असनी चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं चौकी लखनऊ बाईपास के प्रभारी राजेश कुमार पाठक को पुलिस लाइन भेजा गया है।
इसी क्रम में सदर अस्पताल चौकी प्रभारी विजय बहादुर, रेड़इया चौकी प्रभारी ईश्वरचन्द्र, हुसैनगंज के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बुद्धिमान सिंह, उपनिरीक्षक उमेश दत्त त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना किशनपुर इन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक विकास कन्नौजिया समेत अन्य अधिकारियों को भी पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है।
आदेश के तहत नारद भारती को थाना खागा, द्विजविजय सिंह को थाना खखरेरू, संजीव कटारिया को थाना सुल्तानपुर घोष, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिनाथ सिंह को थाना गाजीपुर और धीरज कुमार जायसवाल को असोथर थाना क्षेत्र की सरकंडी चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा 12 उपनिरीक्षकों को एक साथ पुलिस लाइन भेजे जाने को लेकर है। आमतौर पर एक साथ इतनी संख्या में दरोगाओं की तैनाती बदलने से पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव का संकेत माना जाता है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के इस निर्णय के बाद थानों और चौकियों में नई तैनाती को लेकर भी हलचल तेज हो गई है।
पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि स्थानांतरण आदेश में सभी बदलावों के अलग-अलग कारण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में पुलिसिंग को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए तैनाती स्तर पर कुछ और परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं।
