16 सितंबर को विकास भवन सभागार में जुटेंगे किसान और अधिकारी, योजनाओं की भी दी जाएगी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 16 सितंबर को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। किसान अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समयबद्ध समाधान पर जोर दिया जाएगा।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर किसान दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में सितंबर माह का किसान दिवस 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक विकास भवन सभागार में आयोजित होगा।

किसान दिवस में कृषि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं को सुनेंगे। इसके साथ ही किसानों को कृषि विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों को किसानों द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर भी चर्चा होगी। संबंधित अधिकारियों को अनुपालन रिपोर्ट बैठक से तीन दिन पूर्व उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से किसान दिवस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी कृषि संबंधी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के साथ किसान दिवस में पहुंचें। मौके पर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखकर किसान समस्याओं के समयबद्ध समाधान का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now