फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट में किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी।

* मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर किसानों की छह समस्याओं के समाधान की मांग

* फसल बर्बादी का मुआवजा, आलू भंडारण में राहत और खाद की उपलब्धता पर जोर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती की बढ़ती लागत से राहत दिलाने के लिए भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर छह प्रमुख मांगों पर कार्रवाई की अपील की।

किसान यूनियन ने गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। गन्ना किसानों का भुगतान भी निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से धान, उड़द, मूंग समेत अन्य फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन ने गांववार सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा आलू किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कोल्ड स्टोरेज का किराया कम कराने, भंडारण की उचित व्यवस्था करने और सस्ता व गुणवत्तापूर्ण आलू बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

संगठन ने बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। इसके लिए ग्राम पंचायत, लेखपाल और कृषि विभाग के माध्यम से संयुक्त सत्यापन कराकर वास्तविक खेती करने वालों की पहचान करने की बात कही गई, जिससे फसल नुकसान की स्थिति में उन्हें मुआवजा मिल सके। साथ ही यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

इस दौरान प्रदीप सिंह चौहान, अंकित सिंह, महेंद्र सिंह भदौरिया, छोटे सिंह, सोनू सिंह, उमेश सिंह, अजय सिंह, विकास सिंह, अजय प्रजापति, शिव बदन सिंह और दिनेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now