– 160 कार्यों के जरिए स्कूलों में सुधरेंगी बुनियादी सुविधाएं, स्वास्थ्य केंद्रों का भी होगा कायाकल्प

– 646 विद्यालयों में डेस्क-बेंच की व्यवस्था से हजारों बच्चों को मिलेगी राहत

 

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। गांवों में विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ ही सरकारी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों की दशा सुधारने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जनपद में ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 1113.85 लाख रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

जिला पंचायत राज अधिकारी के मुताबिक ग्राम पंचायतों के माध्यम से परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 160 विकास कार्य कराए जाएंगे। इन पर 536.07 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। योजना के तहत विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, दिव्यांग बच्चों के अनुकूल शौचालय, स्वच्छ पेयजल और रनिंग वाटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही कक्षाओं में टाइल्स लगाने, परिसर में इंटरलॉकिंग कराने तथा चहारदीवारी के निर्माण और मरम्मत जैसे कार्य भी शामिल हैं।

विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए फर्नीचर पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। जनपद के 646 विद्यालयों में डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने के लिए पंचम वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग की धनराशि से 492.54 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे ग्रामीण अंचलों के हजारों विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ने की परेशानी से निजात मिलेगी और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।

इसी तरह ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्र पंचायतों के अधीन संचालित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सुधार कराया जाएगा। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सात कार्यों के लिए 85.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस बजट से स्वास्थ्य केंद्रों की बाउंड्रीवाल, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, इंटरलॉकिंग और लेबर रूम से संबंधित जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि सभी स्वीकृत कार्य ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत के माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुसार कराए जा रहे हैं। कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं भी पहले से अधिक सुदृढ़ होंगी। प्रशासन का यह प्रयास गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now