टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित करते जिला क्षयरोग अधिकारी व अन्य।
दो सप्ताह से अधिक खांसी को लेकर सतर्क रहने की सलाह, सरकारी अस्पताल में जांच व इलाज की सुविधा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मरीजों के पोषण पर भी जोर दिया। आईटीआई रोड स्थित एमबी मेमोरियल निजी क्लीनिक में गुरुवार को आयोजित जागरूकता एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में 11 टीबी मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने की।
टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग करने पर क्लीनिक संचालक डॉ. पंकज सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी में पहुंचे मरीजों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी।
डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, बलगम आना, बलगम में खून, सीने में दर्द, वजन कम होना, भूख न लगना तथा गर्दन में गिल्टी या गांठ टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को इसे सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर बलगम की जांच करानी चाहिए। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से निःशुल्क उपचार शुरू कराया जा सकता है।
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीबी मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से पात्र मरीजों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जाती है। सरकारी अथवा निजी स्वास्थ्य केंद्र से उपचार करा रहे पात्र मरीज इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
एसटीएस अजीत सिंह और पीपीएम राकेश कुमार ने बताया कि निक्षय पोषण योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए फेस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है। फेस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोषण सहायता की धनराशि लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बीमारी के लक्षण सामने आने पर तत्काल जांच कराने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि टीबी की पहचान जितनी जल्दी होगी, उपचार उतना ही प्रभावी रहेगा। सामूहिक जागरूकता, समय पर जांच, नियमित उपचार और मरीजों के बेहतर पोषण से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
