– दावत में जा रहे थे बाइक सवार चाचा-भतीजा
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। अपने घर से दावत में जा रहे बाइक सवार चाचा-भतीजे को डीसीएम गाड़ी ने तेज टक्कर मार दिया जिसके चलते चाचा की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई वहीं भतीजा गंभीर घायल हो गया जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी कस्बे के खजुहा चौराहे के समीप सम्राट सिनेमा मोड में शुक्रवार की सुबह लगभग 6 बजे डीसीएम गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दुक्खी 57 वर्ष पुत्र कल्लू की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भतीजा इमरान 26 वर्ष पुत्र रमजान निवासी बलुआपुर धोबिन का पुरवा गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हड़कंप मच गया मौके पर भारी भीड़ लग गई। घायल इमरान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन रो-रोकर बेहाल हो रहे थे। बताया जाता है कि मृतक चाचा दुक्खी अपने भतीजे इमरान के साथ बाइक द्वारा मलवा थाना क्षेत्र के अढेना गांव एक दावत कार्यक्रम में जा रहे थे तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई। बताया जाता है कि मृतक दुक्खी गांव में ही बकरी पालकर व थोड़ी खेती में काम करके अपना और परिवार का पालन पोषण करता था, जबकि उसका भतीजा इमरान मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। बकरीद के त्योहार के कारण अभी कुछ दिन पहले मुंबई से अपने गांव आया था।
