फोटो परिचय-  धनतेरस के मद्देनजर खरीदारी के लिए सजाया गया बर्तन बाजार।

– बर्तन, आभूषण और इलेक्ट्रानिक उत्पादों की खरीदारी को लेकर व्यापारियों में उत्साह

– भगवान धन्वंतरि की आराधना के साथ घरों में सुख-समृद्धि की कामना करेंगे लोग

– त्योहार को लेकर प्रमुख बाजारों में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दीपावली पर्व की शुरुआत के साथ ही धनतेरस को लेकर जिले में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। शुक्रवार को मनाए जाने वाले पर्व के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परंपरागत खरीदारी की मान्यता के चलते इस बार भी बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और इलेक्ट्रानिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी आमद होने की उम्मीद है।

धनतेरस को लेकर शहर के चौक, ठठराही, वर्मा चौराहा, पीरनपुर, पीलू तले चौराहा और देवीगंज समेत प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। बर्तन कारोबारियों ने स्टील, पीतल, तांबा और कांसे के विभिन्न उत्पादों को दुकानों के बाहर तक सजा रखा है। वहीं इलेक्ट्रानिक प्रतिष्ठानों पर भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के घरेलू उपकरण और अन्य सामान प्रदर्शित किए गए हैं।

मान्यता है कि धनतेरस पर नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ होता है। इसी परंपरा के चलते लोग अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार घरों के उपयोग का सामान, बर्तन और आभूषण खरीदते हैं। पर्व पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की जाएगी। इसके साथ ही दीपावली पूजन की तैयारियों को लेकर बाजारों में मिट्टी के दीपक, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, खील-बताशे, धूपबत्ती, रोली और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं।

त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। साथ ही यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

धनतेरस को लेकर जहां कारोबारी बेहतर बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं आम लोगों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बाजारों की सजावट और दुकानों पर सजे सामान ने दीपावली के उल्लास को और बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now