फोटो परिचय- हत्याकांड का खुलासा करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– हादसे का रूप देने के लिए हत्यारोपी ने रची थी साजिश, 15 दिन तक पुलिस को करता रहा गुमराह
– मोबाइल की पड़ताल से खुला हत्याकांड, गिरफ्तारी के बाद खून से सनी ईंट और मोबाइल के टुकड़े बरामद

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में किसान रामजीवन की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से छिपाने की कोशिश की गई हत्या थी। धान की फसल कटवाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी जान ले ली थी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। करीब 15 दिनों तक पुलिस को गुमराह करने में सफल रहे आरोपी की करतूत आखिरकार एक मोबाइल फोन ने उजागर कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 13 नवंबर को बकेवर क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में रामजीवन (40) का शव उसके बाग में नहर पटरी के पास पड़ा मिला था। पहली नजर में मामला नहर पटरी से फिसलकर गिरने के कारण हुई मौत का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल से मिले लावा कंपनी के मोबाइल फोन ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस ने मोबाइल की पड़ताल की तो उसका संबंध पधारा निवासी रविशंकर उर्फ रवि सविता से सामने आया।
इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर पर 27 नवंबर को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पधारा चौराहा स्थित नहर पुलिया के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर की शाम वह अपने खेत में धान की फसल बांधने पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोसी खेत में मौजूद रामजीवन ने शराब के नशे में उससे अपनी धान की फसल कटवाने के लिए कहा। आरोपी के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आकर रविशंकर ने पास में पड़ी ईंट उठाई और रामजीवन के सिर पर दो-तीन बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसने मृतक की साइकिल को नहर पटरी की ढलान पर गिरा दिया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। आसपास की झाड़ियों को भी अस्त-व्यस्त कर दिया। वारदात में इस्तेमाल की गई ईंट झाड़ियों में छिपा दी और मृतक का मोबाइल तोड़कर उसके टुकड़े नहर किनारे फेंक दिए।
पुलिस ने 28 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 50 मीटर पहले झाड़ियों में छिपाई गई खून से सनी ईंट बरामद की। इसके अलावा नहर किनारे से मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल के टुकड़े भी बरामद किए गए। आरोपी के कब्जे से उसका लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में बकेवर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल नितिन पटेल और कांस्टेबल संदीप चौधरी शामिल रहे।




