– अपहृता सकुशल बरामद, 24 घंटे के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में नाबालिग लड़कियों के अपहरण के मामलों पर सख्ती दिखा रही सुल्तानपुर घोष पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं उसे बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने वाले बिहार निवासी युवक को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
बताया जा रहा है कि थाना सुल्तानपुर घोष में दर्ज अपहरण के मुकदमे में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के दौरान टीम ने शुक्रवार को नाबालिग अपहृता को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके साथ ही मामले में वांछित चल रहे आरोपी अमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बिहार के समस्तीपुर जनपद का रहने वाला है और किशोरी को अपने साथ ले गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपहरण व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। बरामदगी के बाद किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के लिए संरक्षण में लिया गया, जबकि आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस टीम ने तेजी और सतर्कता के साथ अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में महिला अपराध और नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
