तांबेश्वर मंदिर में आयोजित भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।
तांबेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ भंडारा, बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान की पुण्यतिथि पर शनिवार को तांबेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वजन, रिश्तेदार, शुभचिंतक, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का आयोजन जौहरी सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह एवं उनके सुपुत्र पत्रकार अवनीश सिंह के नेतृत्व में किया गया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग तांबेश्वर मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धांजलि सभा के बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक मंदिर परिसर में लोगों की चहल-पहल बनी रही।
भाजपा के पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह भी तांबेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने दिवंगत वरिष्ठ अधिवक्ता के व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भी पहुंचकर वरिष्ठ अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान का सहज एवं सरल व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व तथा अधिवक्ता के रूप में उनका योगदान हमेशा स्मरण किया जाता रहेगा। लोगों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार और सामाजिक सरोकार उन्हें अपने परिचितों के बीच अलग पहचान दिलाते थे।
बताते चलें कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह चौहान का 12 सितंबर 2023 को निधन हो गया था। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वजन, परिचितों एवं शुभचिंतकों ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
