एएसपी ज्ञान प्रकाश राय की कलाई पर राखी बांधती छात्राएं।

– रक्षाबंधन पर वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर मनाया पर्व
– एएसपी ज्ञान प्रकाश राय समेत पुलिस अधिकारियों व महिला कर्मियों को बांधी राखी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्व मनाया। छात्राओं ने पुलिस कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर सुरक्षा, विश्वास और भाईचारे के रिश्ते को मजबूत करने का संदेश दिया।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ पहुंची छात्राओं ने अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके बाद छात्राओं ने अन्य पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस कर्मियों को भी राखियां बांधीं। छात्राओं के इस आत्मीय प्रयास से पुलिस कर्मियों के चेहरों पर खुशी नजर आई।

छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से उन्होंने पुलिस परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाया है। छात्राओं ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास मजबूत होने से समाज में सुरक्षा की भावना और बढ़ती है।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग का रिश्ता मजबूत होना जरूरी है। छात्राओं द्वारा पुलिस कर्मियों को राखी बांधना इसी आत्मीय संबंध और सामाजिक विश्वास का प्रतीक है।

इस दौरान एएसपी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्होंने छात्राओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now