फोटो परिचय-  हुसैनगंज में युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी दंपती पुलिस टीम के साथ।

– हुसैनगंज पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का किया पर्दाफाश, आरोपी दंपती गिरफ्तार

– गला घोंटकर हत्या के बाद झाड़ियों में फेंका था शव, वारदात में इस्तेमाल गमछा बरामद

– मृतक के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पीसीपी इंटर कॉलेज के समीप बरामद हुए करीब 30 वर्षीय कय्यूम के शव के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों को लेकर उपजे विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बीती 16 अक्टूबर को हुसैनगंज क्षेत्र में पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। मृतक की बाईं बाजू पर ‘अल्लाह एसलामू’ लिखा हुआ था। पहचान के लिए प्रयास किए जाने के बाद 18 अक्टूबर को शव की शिनाख्त छेंऊका गांव निवासी कय्यूम पुत्र चांद बाबू अहमद के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर बेटे की हत्या किए जाने और शव को झाड़ियों में फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पत्नी से संबंधों को लेकर था विवाद

पुलिस की जांच में छेंऊका गांव निवासी कमलेश का नाम सामने आया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, कमलेश ने बताया कि उसकी पत्नी प्रीती और कय्यूम के बीच पहले प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर उसने पत्नी को कय्यूम से दूरी बनाए रखने के लिए कहा था। आरोप है कि 12 अक्टूबर को कय्यूम कमलेश के घर पहुंचा और उसकी पत्नी के साथ जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कमलेश ने पत्नी प्रीती के साथ मिलकर कय्यूम का मुंह दबा दिया। आरोप है कि प्रीती ने उसके पैर पकड़ लिए, जबकि कमलेश ने गमछे से गला घोंट दिया। युवक की मौत होने के बाद दोनों ने शव को उठाकर झाड़ियों में फेंक दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर गमछा बरामद

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पहले कमलेश को गिरफ्तार किया। इसके बाद शुक्रवार को उसकी पत्नी प्रीती को भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हल्के हरे रंग का चेकदार गमछा बरामद किया है, जिस पर लाल, काली और नीली धारियां बनी हुई हैं। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) भी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुंवर प्रवर सिंह, कांस्टेबल सर्वेश यादव, कांस्टेबल प्रदीप यादव और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now