जनता दरबार में पीड़ितों की समस्याएं सुनते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– जनता दरबार में एसपी का सख्त एक्शन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनसामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की मंशा के साथ बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, धोखाधड़ी, उत्पीड़न समेत कई मामलों से जुड़ी शिकायतें पुलिस कप्तान के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी प्रार्थना पत्रों का गहनता से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक का सख्त व संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकाया जाए और हर शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समयबद्ध समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस कप्तान के सामने रखीं। पुलिस प्रशासन की इस सक्रिय कार्यप्रणाली से आमजन में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत होता दिखाई दिया। वहीं पुलिस कार्यालय परिसर में जनसुनवाई के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं भी चुस्त-दुरुस्त नजर आईं।
