कूड़े से बजबजा रहे नाले का दृश्य।
– फैली बदबू से बीमारी का खतरा, सफाई कर्मियों पर लापरवाही के आरोप
CITY NEW FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद की लचर सफाई व्यवस्था के चलते शहर के कई मोहल्लों में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। जगह-जगह नालियां चौक होने से गंदा पानी सड़कों और गलियों में बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पालिका प्रशासन पूरी तरह से आंखें मूंदे बैठा है।
शहर के शादीपुर मोहल्ला, आवास विकास, गढ़वा, लाल बाजार और पाली मोहल्ला समेत कई वार्डों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी जमा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मी महीनों तक गलियों में नजर नहीं आते। न तो झाड़ू लगाई जाती है और न ही नालियों की सफाई कराई जाती है। इसके चलते मोहल्लों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। कई बार शिकायत करने के बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और चौक पड़ी नालियों की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा और बढ़ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now