CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बस की टक्कर से ई-रिक्शा सवार सात लोग घायल हो गये, हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथगाम रोड के पतहापर गाँव के निकट सोमवार को करीब 10 बजे प्राइवेट बस ने ई-रिक्शा में सामने से टक्कर मार दिया। टक्कर से रिक्शा पलट गया। घटना में पलिया गांव के सात लोग घायल हो गये। रिक्शा में हथगाम थाने के पलिया गाँव के गीता देवी (58), केतन शर्मा (25), शालिनी शर्मा (23), अंशी (4), आराधना (6) व पाठक शर्मा की पत्नी लक्ष्मी (30) तथा लक्ष्मी का 2 वर्षीय पुत्र वासु सवार थे। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। सीएचसी के डॉक्टर उत्कर्ष यादव के मुताबिक लक्ष्मी और उनके पुत्र वाशू की हालत गम्भीर है। जिन्हें सदर अस्पताल रिफर किया गया है। इलाज दौरान वाशु की मौत हो गई। उधर, टक्कर मारने के बाद बस चालक गाड़ी लेकर भाग गया था। ग्रामीणों ने चालक को मथैयापुर चैराहा के पास घेर लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक पाण्डेय ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। बस थाने में खड़ी करा दी गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
