बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व अन्य।
– टिश्यू कल्चर केला से ड्रैगन फ्रूट तक क्लस्टर विकसित करने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित औद्यानिक योजनाओं की समीक्षा एवं एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना 2026-27 की प्रस्तावित वार्षिक कार्ययोजना के अनुमोदन हेतु जिला मिशन समिति (डीएमसी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने जनपद में औद्यानिक फसलों की स्थिति, महत्वपूर्ण क्षेत्रों एवं योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने एकीकृत बागवानी मिशन, पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रो इरिगेशन, एससीपी राज्य सेक्टर तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत गत वर्ष की उपलब्धियों एवं वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित लक्ष्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जनपद में टिश्यू कल्चर केला, मशरूम, ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी जैसी आधुनिक फसलों के क्लस्टर विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत केला, आलू, प्याज और मिर्च के प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित कराने की दिशा में तेजी लाने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों को भी बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को अनुमोदित कर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, क्षेत्रीय वन अधिकारी, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, मत्स्य निरीक्षक, सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारी, प्रगतिशील कृषक एवं किसान उत्पादक संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now