फोटो परिचय- ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते डीएम-एसपी व विधायक तथा ग्रामीणों से बातचीत करते अधिकारी।
अभयपुर-आशापुर से बिंदकी फार्म तक पहुंचकर परखी जमीनी हकीकत, राहत शिविर में पीड़ितों से जाना हाल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्य तेज कर दिए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के साथ कटरी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर मौके की स्थिति देखी और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
डीएम-एसपी अभयपुर-आशापुर समेत आसपास के प्रभावित मजरों में पहुंचे। यहां उन्होंने जलभराव, आवागमन की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें भोजन, पेयजल, दवा, राहत सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से मिल रही हैं या नहीं। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान बड़ाहार, सदनापुर और बिंदकी फार्म समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी गई। डीएम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में आवागमन की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखते हुए जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री और चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जाए।
डीएम-एसपी ने औंग और मलवां थाना क्षेत्रों के कटरी गांवों में भी बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों की आवाजाही और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
बाढ़ के बीच जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के ग्रामीणों के बीच पहुंचने से प्रभावित परिवारों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
