– फरियादी का रहा टोटा, समाज कल्याण व राजस्व के लगा रहे चक्कर
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का अवकाश होने के बाद सोमवार को तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। बरसात के चलते समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
हथगाम ब्लॉक के गौसपुर निवासी सुनील सिंह ने राजस्व विभाग से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके खेत पर दूसरे लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मौके की जांच कराकर जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की। इसी तरह कस्बे के अधिवक्ता मुकुल बाजपेई ने अपनी बहन सुधा देवी की पेंशन का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि पेंशन के लिए विभागीय स्तर पर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर पेंशन शुरू कराने की मांग की। समाधान दिवस में अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now