CITY NEWS FATEHPUR

विजयीपुर, फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मड़ौली भ्योखर गांव में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर में मौजूद सुरेश पुत्र जगतपाल और उसके परिजन किसी तरह सुरक्षित बच गए। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

मकान ढहने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्हें अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। बारिश के बीच आशियाना उजड़ने से परिवार को खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी बन गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने और पात्रता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मदद नहीं मिली तो परिवार को बारिश के मौसम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

मामले में लेखपाल से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी पर राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now