फोटो परिचय-  बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए अभियान चलाते विद्युत विभाग के कर्मचारी।

– राधानगर उपकेंद्र क्षेत्र में चला वसूली अभियान, 2.30 लाख रुपये जमा कराए

– झाऊपुर, राधानगर और बक्सपुर में कनेक्शन विच्छेदित, समय से बिल भुगतान की अपील

 

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए वसूली अभियान चलाया। राधानगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े झाऊपुर, राधानगर और बक्सपुर इलाकों में पहुंची विभागीय टीम ने बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब दो लाख तीस हजार रुपये की बकाया धनराशि भी उपभोक्ताओं से जमा कराई गई।

अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान की कमान अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह ने संभाली। कार्रवाई अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रथम अरविंद कुमार और उपखंड अधिकारी महेश चंद्र के निर्देशन में की गई। टीम ने संबंधित क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की जांच की और लंबे समय से भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की।

इस दौरान अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह ने उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए कहा कि बिजली बिल का नियमित भुगतान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि उपभोक्ता प्रत्येक महीने की 25 तारीख से पहले अपना बिल जमा कर दें, ताकि बकाया बढ़ने पर कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग बेहतर और निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उपभोक्ताओं की सहभागिता भी जरूरी है। समय पर बिल जमा करने से विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को भी अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा।

अभियान में टीजी-2 सादिक हुसैन, धर्मवीर, बच्चा यादव, विनय सिंह, रोहित, सुनील, दिनेश, कमलेश सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now