घेराव के दौरान सपा जिलाध्यक्ष ने नोंक-झोंक करतीं भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी।
– महिला जन आक्रोश अभियान के चैथे दिन फूटा गुस्सा, सपा सांसद के खिलाफ खोला मोर्चा
– घंटों नारेबाजी के बीच भाजपा महिला कार्यकर्ताओं और सपा जिलाध्यक्ष में तीखी नोकझोंक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिला आरक्षण बिल को लेकर छिड़ा राजनीतिक घमासान अब सड़कों पर खुलकर दिखाई देने लगा है। महिला जन आक्रोश अभियान के चैथे दिन मंगलवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने समाजवादी पार्टी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। सांसद नरेश उत्तम के विरोध में उतरी महिलाओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सपा के रुख को महिला विरोधी बताया। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गर्मा गया जब समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर भाजपा महिला कार्यकर्ताओं और सपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। महिलाओं ने अखिलेश यादव मुर्दाबाद और महिलाओं का हक देना होगा जैसे नारे लगाए। वहीं कार्यालय के मुख्य गेट पर खड़े सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने भी जवाबी नारेबाजी करते हुए मोदी-योगी व भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक राजनीतिक वार-पलटवार चलता रहा, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि देश में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के लिए आरक्षण की मांग की जा रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी और उनके नेताओं का विरोध महिलाओं के अधिकारों को दबाने जैसा है। महिलाओं ने कहा कि सांसद नरेश उत्तम को संसद में महिलाओं की आवाज बनना चाहिए था, लेकिन उनके रुख ने क्षेत्र की आधी आबादी को निराश किया है। महिला नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। यदि समाजवादी पार्टी ने महिला आरक्षण बिल पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया तो आने वाले चुनावों में महिलाएं इसका जवाब वोट की ताकत से देंगी। प्रदर्शन में प्रेम सिंह राठौर, सुशीला मौर्य, ज्योति प्रवीण, सुनिधि तिवारी, गायत्री सिंह, पुष्पा पासवान, मधु शर्मा, कल्पना सिंह, सरोज मौर्य, शैल त्रिपाठी, सुशील मौर्य, अनु सविता, अंजू त्रिपाठी, लक्ष्मी मौर्य, ज्ञान पासवान, ममता श्रीवास्तव सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
