हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर लगाया जाम
शाह चौकी के पास बस छोड़कर फरार हुआ चालक, करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। राधानगर थाना क्षेत्र के केवई मोड़ के समीप सोमवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइकिल सवार किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीण बांदा-सागर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई का भरोसा देने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

केवई गांव निवासी जयकरन का 16 वर्षीय पुत्र शोभित गांव के समीप सड़क किनारे चाट की दुकान लगाता था। सोमवार सुबह वह अपनी ठेलिया की मरम्मत कराने के लिए बाजार से कील खरीदकर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह केवई मोड़ के पास पहुंचा, शहर की ओर से बांदा जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शोभित उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भागने लगा। ग्रामीणों के पीछा करने और पुलिस की सक्रियता के बीच चालक शाह चौकी के पास बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे तो किशोर का शव देखकर कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने हादसे के विरोध में बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now